पंजाबियों को खुशहाल बनाने के लिए पंजाब हितैषी वित्तीय मॉडल पर अमल करेगी "आप" की सरकार: भगवंत मान

चंडीगढ़, 19 जनवरी 2022 (जशन):  आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के प्रधान व लोकसभा सांसद भगवंत मान ने आरोप  लगाया कि पंजाब की जर्जर आर्थिक स्थिति के लिए शिरोमणि अकाली दल (बादल), कांग्रेस, कैप्टन अमरिंदर सिंह और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जिम्मेदार हैं, जिन्होंने बारी बारी से कई दशकों तक पंजाब पर शासन किया और पंजाब के खजाने, आर्थिक संसाधनों और सरकारी  जमीनों को लूटकर अपनी तिजोरियां भरी हैं। मान ने कहा कि पंजाब पर शासन करने वालों ने जहां एक ओर राज्य को 3 लाख करोड़ रुपए के कर्ज में डुबोया है, वहीं नशे से नौजवानो की मौत ,गरीबी से लाखों लोगों ने आत्महत्या की, किसान मजदूर कर्ज के बोझ तले दब गए और पंजाब का पानी,जमीन और वातावरण लूटा गया।

बुधवार को पार्टी मुख्यालय से जारी एक बयान में भगवंत मान ने कहा कि, ‘‘ आम आदमी पार्टी की सरकार पंजाब को खुशहाल बनाने के लिए पंजाब हितैषी वित्तीय मॉडल पर अमल करेगी। पंजाब के खजाने की सारी लीकेज और लूट को बंद कर दिल्ली की तरह पंजाब को सरप्लस बजट वाला राज्य बनाएगी। जिस प्रकार दिल्ली में "आप" की सरकार ने खजाने में बढ़ोतरी कर लोगों को सुविधाएं देने का काम किया है,उसी प्रकार पंजाब में सुविधाएं दी जाएंगी।’’ उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता की प्रतिदिन आय कम होती जा रही है, कर्ज की किस्त बढ़ रही है क्योंकि सत्ताधारियों ने पंजाब के विकास के लिए कोई ठोस योजना नहीं बनाई, बल्कि पंजाब को लूटने पर ही जोर दिया,जबकि बादल और कैप्टन के राज से पहले पंजाब सबसे अधिक आमदनी वाला प्रदेश था।

भगवंत मान ने कहा कि कोरोना महामारी ने पंजाब की खराब आर्थिक हालत का कड़वा सच लोगों के सामने ला दिया है,क्योंकि कोरोना काल के दौरान पंजाब वासियों को सरकारी अस्पतालों में सस्ता व बेहतर इलाज नहीं मिला। लोगों को सरकार ने कोई आर्थिक मदद नहीं दी। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान पंजाब की प्रति व्यक्ति आय राष्ट्रीय दर से भी नीचे गिर गई है। वर्ष 2020 में कोरोना काल में राष्ट्रीय स्तर पर प्रति व्यक्ति आय 5. 4 फीसदी की कमी दर्ज की गयी  है, लेकिन पंजाब में प्रति व्यक्ति में  आय 8. 4 फीसदी की कमी दर्ज की गयी है , जिस से साबित होता है कि भ्रष्ट सत्ताधारियों ने पंजाब को किसी भी चुनौती का सामना करने लायक नहीं छोड़ा। दूसरी ओर बादलों ने सैंकड़ों बसों, सात सितारा होटल, मीडिया चैनल,हजारो एकड़ जमीन और जायदाद बना ली। इसी प्रकार कैप्टन अमरिंदर सिंह ने दो बार मुख्यमंत्री रहते हुए बादल परिवार के बराबर सिसवां हाउस पर एक और महल बना लिया, अरबों रुपए की जमीन पर कब्जा कर लिया और विदेशें में गुप्त बैंक खाते खुलवाए। यही हाल बाकी नेताओं का भी है।’’

 मान ने दावा किया कि पंजाब की आर्थिक स्थिति को सुधारने के लिए साफ नीयत और बेहतर नीति वाली सरकार की जरूरत है तथा आम आदमी पार्टी ने पंजाब के हर क्षेत्र का विकास करने के लिए अच्छी नीयत और नीति वाला रोडमैप तैयार किया है। पंजाब की कृषि, उद्योग और इंफॉर्मेशन क्षेत्र(आईटी सेक्टर) के विकास करने के साथ साथ राज्य के प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा भी की जाएगी। 

भगवंत मान ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने संसाधनों और पैसे के सदुपयोग करने की बेहतरीन मिसाल दिल्ली में लोगों के समक्ष पेश की है, जहां भ्रष्टाचार पर लगाम लगाकर आम जनता के लिए सस्ती बिजली, बेहतर स्कूल शिक्षा, इलाज और अन्य सुविधाएं प्रदान की गई हैं। उन्होंने पंजाब की जनता से अपील की कि दिल्ली की तर्ज पर पंजाब में एक मौका आम आदमी पार्टी को सरकार बनाने के लिए दें, ताकि पंजाब पर चढ़े कर्ज को उतारा जा सके, लोगों को जीवन जीने के लिए बेहतर सुविधाएं दी जाएं और पंजाब को फिर से खुशहाल बनाया जाए।