हर्षोल्लास के साथ भारत माता मंदिर में मनाई गई श्री गीता जयंती.... इस्कॉन प्रचार समिति मोगा

मोगा 9 दसंबर (जशन) मार्गशीर्ष महीने के शुक्लपक्ष की एकादशी मोक्षदा (मोक्षदायिनी) एकादशी को इस्कॉन प्रचार समिति मोगा की ओर से गीता जयंती महोत्सव भारत माता मंदिर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। संस्था के प्रधान सुशील ढींगरा ने बताया कि इस मौके पर भगवान विष्णु की पूजा तुलसी, गंगाजल, अक्षत, पुष्प, रोली-चंदन और धूप-दीप से की गई। पूजा अर्चना के बाद 150 से ऊपर श्रीमद्भागवत गीता एवं बद्री तुलसी मोगा शहरवासियों को वितरित की गई।
संस्था के चेयरमैन देवप्रिय त्यागी ने बताया कि श्रीमद्भगवद् गीता का अध्यात्मजगत में विशिष्ट स्थान है। यह भगवान श्री कृष्ण के मुख से निःसृत दिव्य वाणी है। उन्होंने बताया कि विषादयुक्त अर्जुन को निमित बनाकर समूची मानव जाति के कल्याण के लिये 5157 वर्ष पूर्व दिया गया तत्व परक दिव्य उपदेश आज भी उतना ही उपयोगी एवं प्रासंगिक है।
संस्था के जेनरल सैक्रेटरी नरेंद्र कुमार ने कहा कि गीता हमें जीवन मूल्यों के प्रति सजग करती है। गीता विषाद को प्रसाद में बदल कर जीने की कला सिखाती है। कर्मयोग, ज्ञान योग ओर शक्तियोग सभी का सविस्तार विवेचन श्री गीता जी में उपलब्ध है।
इस पर्व पर स्वामी अमरेश्वर दास जी, विश्व हिन्दू परिषद के जिला मंत्री वीरेंद्र गर्ग, भाजपा से हितेश गुप्ता और इस्कॉन प्रचार समिति से सुशील ढींगरा, रजनीश कुमार, नवदीप गुप्ता, नरेंद्र कुमार, मदनलाल अरोरा, रमेश अरोरा, कुलदीप कुमार, राजेश शर्मा, रजनीश कुमार मौजूद थे।


